करनाल। घर जा रहे रेता बजरी कारोबारी पर हमलाकर साढ़े पांच लाख रुपये और कार की चाबी छीन ली गई। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव जाणी निवासी रवि कुमार ने बताया कि वह और आलोक कुमार चिड़ाव मोड पर रेत बजरी का कारोबार करते हैं। बताया कि 9 जुलाई को गांव के सुखबीर का अलोक कुमार को फोन आया। बोला, तुम मेरे बारे गलत गलत बातें करते हो और आरटीआई लगवाते हो। मेरी बेटी सरपंच है इसलिए चुप हूं। रवि ने बताया कि रात को घर जाते हुए पांच-छह लोगो ने उसका रास्ता रोक लिया और कार के शीशे तोड़ दिए। फिर मारपीट की। रवि के मुताबिक, हमलावर बोले, इसे गोली मार दो तो उसने ड्रेन में कूदकर जान बचाई। इस बीच आरोपी कार में रखे करीब 5.60 लाख रुपये व कार की चाबी ले गए। इसके साथ बीचबचाव करने पर ट्रैक्टर चालक को भी पीटा। रवि ने बताया कि सूचना पर मेरे मामा हरपाल सिंह कलामपुरा मौके पर आए। उन्होंने सदर थाने में फोन कर पुलिस बुलाई। घायल अवस्था में निसिंग अस्पताल लेकर गए। पुलिस से गांव सुखबीर सिंह, सुमित व उनके अन्य साथियों पर कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी मुकेश कुमार का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है। -ब्यूरो