अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने देवी मां के दूसरे रूप मां ब्रह्मचारिणी का पूजन किया। जिलेभर के मंदिरों में पूरा दिन नवरात्र पर्व की धूम रही। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ देवी मां का पूजन किया। हाथों में पूजा की थाली लिए महिलाएं भी दर्शनों के लिए मां के मंदिरों के बाहर लाइनों में खड़ी दिखी। शहर के प्राचीन माता मनसा देवी मंदिर, मंदिर श्री दुर्गा भवानी हेतूवाली, कर्णेश्वर मंदिर सेक्टर सात, श्री सनातन धर्म मंदिर, सती मईया मंदिर मॉडल टाउन व रघुनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।
मां की जागरण चौकी में भेंटों पर झूमे श्रद्धालु
नवरात्र पर्व के चलते शहर के कई हिस्सों में देवी मां के जागरण और चौकी का भी आयोजन हुआ। जगह-जगह हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा-भाव के साथ हिस्सा लिया। पुरानी सब्जी मंडी में मां झंडेवाली सेवा समिति व श्री कृष्ण मंदिर सेक्टर-14 में आदिशक्ति मां झंडेवाली सेवा समिति की ओर से मां की चौकी का आयोजन हुआ। यहां भजन मंडली की ओर से प्रस्तुत भेटों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। इसके अलावा सुभाष गेट में रिद्धि-सिद्धि क्लब और सेक्टर-13 एक्सटेंशन में नवरात्र के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
दंडवत होकर मंदिर तक पहुंच रहे श्रद्धालु
नवरात्र में मां से मन्नतें मांगने के लिए भी श्रद्धालु पहुंच रहे है। चार चमन निवासी सुरेंद्र भी अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर घर से टिंबर मार्केट स्थित प्राचीन काली माता मंदिर तक दंडवत होते हुए गए। इस दौरान उनके साथ अन्य श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए।