अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम सरल कैसे बनाया जाए इस उद्देश्य को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा कुरूक्षेत्र में दस दिन की फैकल्टी डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्कशॉप कुरुक्षेत्र के जय राम विद्यापीठ में सात जनवरी से 16 जनवरी तक चलेगी।
इस वर्कशॉप में प्रदेशभर के गणित और विज्ञान विशेषज्ञ शामिल होंगे और साथ ही डाइट के सभी लेक्चरर भी शामिल होंगे। वर्कशॉप में मंथन किया जाएगा कि बच्चों को किस टेक्निक से पढ़ाया और उनकी बुक में किस चैप्टर को सबसे पहले पढ़ाया जाए, क्योंकि जो चैप्टर महत्वपूर्ण है वे बुक में आगे पीछे हैं। शिक्षा विभाग ने इस वर्कशॉप के लिए सभी डीईओ को पत्र जारी कर दिया है। 6 जनवरी शाम 6 बजे तक सभी लेक्चररों को वर्कशॉप में पहुंचना है।
साइंस और मैथ में विद्यार्थियों की बढ़े रुचि
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार ने बताया कि इस वर्कशॉप में इस पर भी चर्चा की जाएगी की ऐसा क्या किया जाए, जिससे साइंस और मैथ विषय में विद्यार्थियों की रुचि बढ़े। हालांकि विभाग इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिता कराकर विद्यार्थियों को साइंस और मैथ की ओर आकर्षित कर रहा है। इतना ही नहीं प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला भी बढ़ा हा है।
अंग्रेजी सहित अन्य विषय में विद्यार्थी कैसे बढ़े आगे
अक्सर देखा जाता है कि अंग्रेजी में सरकारी स्कूल के विद्यार्थी कमजोर रहते हैं। इस लिए वर्कशॉप में डाइट के लेक्चररों के साथ चर्चा की जाएगी की अंग्रेजी सहित अन्य विषयों में विद्यार्थियों को मजबूूत कैसे किया जाए। कौन सा पाठ्यक्रम पहले पढ़ाया जाए, ताकि सरकारी स्कूल के विद्यार्थी प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थी से आगे रहें और रिजल्ट भी बेहतर आए।
शिक्षा विभाग की ओर से डाइट के सभी लेक्चररों और प्रदेशभर के गणित और विज्ञान विशेषज्ञों की एक वर्कशॉप कराई जाए रही है, जो कुरूक्षेत्र में सात जनवरी से 16 जनवरी तक चलेगी। इस वर्कशॉप में विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम को सरल बनाने पर मंथन किया जाएगा।-डॉ. सुशील कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, करनाल।