साहब ये कैसा न्याय, सफाई ठेकेदार से तीन माह का वेतन मांगा तो नौकरी से ही निकाल दिया
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
ओएसडी साहब ये कैसा न्याय है, मैंने तीन माह तक शहर की सफाई की इसके बाद भी वेतन नहीं मिला। जब वेतन मांगा तो ठेकेदार ने नौकरी से ही हटा दिया। अब वह नौकरी और वेतन के लिए निगम के अधिकारियों के चक्कर लगाकर थक चुका है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सफाई ठेकेदारों ने अकेले मेरे साथ नहीं शहर के ऐसे कई लोगों के साथ धोखा किया है, पहले काम करा लिया, लेकिन जब पैसे मांगे तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। यह समस्या करनाल निवासी ब्रह्मपाल ने सीएम के ओएसडी अमरेंद्र सिंह के खुले दरबार में रखी। ब्रह्मपाल ने ओएसडी को बताया कि वह पिछले तीन महीने से स्वच्छता ब्रिगेड में कार्य कर रहा है, ठेकेदार द्वारा उन्हें अभी तक वेतन नहीं दिया और जब वेतन मांगा तो उन्होंने मुझे बाहर का रास्ता दिखा दिया। समस्या सुनकर ओएसडी ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को निर्देश दिए कि वह तुरंत ब्रह्मपाल को काम पर रखे और इसको बकाया भी दे।
बता दें कि सफाई ठेकेदारों की इस प्रकार की कई शिकायतें आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निगम के अधिकारी हर बार ठेकेदारों की शिकायतों पर कार्रवाई करने की बजाए उन्हें दबा देते हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगर कोई सफाई कर्मचारी ठेकेदारों की शिकायत करता है तो उसे नौकरी से हटा दिया जाता है।
शुक्रवार को ओएसडी अमरेंद्र सिंह के जनता दरबार में कुंजपुरा के राजेश ने ओएसडी के सामने शिकायत रखी कि उनकी दो एकड़ जमीन में बिजली के बड़े पोल लगाए गए हैं, कृपया कुछ सहयोग करवाया जाए। ओएसडी ने उन्हें आश्वासन दिलाया कि यदि बिजली निगम द्वारा खेत में पोल नियम के अनुसार नहीं लगाए गए हैं तो आपको न्याय दिलाया जाएगा। जनता दरबार में बिजली, पानी, राशन कार्ड, पेंशन बनवाने व रोजगार दिलाने संबंधी कई शिकायतें आई।
शहर में हो रहा है विकास : ओएसडी
ओएसडी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सीवरेज व्यवस्था तथा बरसाती पानी की निकासी के लिए 178 करोड़ रुपये से शहर की सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी तथा 80 करोड़ रुपये जल निकासी के लिए ड्रेनों के निर्माण पर खर्च होंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर शहर के बाहरी इलाके विशेषकर कालोनियों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और इन कार्यों पर शीघ्र ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में नगर निगम के द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि शहर की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इस मौके पर ओएसडी कार्यालय इंचार्ज कुलदीप शर्मा, भाजपा कार्यकर्ता सुनील गोयल, अमृत लाल जोशी, जयभगवान चोपड़ा आदि मौजूद रहे।