कर्मचारियों को आवंटित जमीन से कब्जा हटाया
नीलोखेड़ी (ब्यूरो)। सामान्य अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को आवंटित की गई जमीन पर शुक्रवार को अवैध कब्जे को हटाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेम लता की अगुवाई में पुलिस की मौजूदगी और नगरपालिका की सहायता से महाबीर दल अस्पताल के सामने खाली पड़े प्लॉट में बने अवैध कब्जे को हटा दिया गया। डॉक्टरों ने उस स्थान पर पौधे लगाए।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमलता ने बताया कि वार्ड के लोगों ने सीएम विंडो खाली पड़े प्लॉटों पर अवैध कब्जे और प्लॉट में पनप रहे नशे के धंधे की शिकायत सीएम विंडो पर की थी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह पहले निगरानी कमेटी के अध्यक्ष बाल किशन त्रिपाठी की अध्यक्षता में व जांच कमेटी ने मामले की जांच की गई और अवैध कब्जा हटाने का निर्णय लिया गया। उन प्लॉटों में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने भी कब्जा किया हुआ और अन्य अवैध कब्जाधरियों को खाली करवाने का नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने प्लॉट को खाली नहीं किया। इसका संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कुछ अवैध कब्जाधारियों से जमीन के मालिकाना हक दिखाने को भी कहा गया है। इस अवसर पर अवैध कब्जा हटवाने के साथ ही डॉ. प्रेम लता, डॉ. ओम पाल सैनी और डॉ. संदीप ओबराल ने इस स्थान पर पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप, रेडियोग्राफर दिनेश मलिक भी मौजूद थे।