पिस्तौल के बल पर मुनीम से 4.10 लाख रुपये लूटने वाले छठे आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2019 को दिन के समय नई अनाज मंडी में स्थित एक कमीशन एजेंट की दुकान पर मुनीम अरुण से कुछ अज्ञात आरोपी पिस्तौल के बल पर 4.10 लाख रुपयेे लूटकर ले गए थे। पुलिस ने आढ़ती ओमप्रकाश निवासी सेक्टर-13 करनाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ थाना शहर करनाल में केस दर्ज कर लिया था।
सीआईए-01 करनाल की टीम द्वारा पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 23 दिसंबर 2020 को तीन आरोपी राहुल, मोहित व सुमित निवासी सोनीपत व 3 जनवरी 2021 को दो और आरोपी संदीप व बेअंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वारदात में इस्तेमाल एक पिस्तौल व 1.20 लाख रुपये बरामद भी किए थे। आरोपियों ने अपने छठे साथी रबिन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना का खुलासा किया था जो कि फरार चल रहा था।
4 मई को उप निरीक्षक रणबीर सिंह सीआईए-1 की अध्यक्षता में टीम ने फरार छठे आरोपी रबिन निवासी गांव जफरपुर थाना गन्नौर जिला सोनीपत को सोनीपत से गिरफ्तार किया। आरोपी से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार व 30 हजार रुपये बरामद किए गए।