करनाल। जिले में आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली लाइनों को लेकर चलाए गए विशेष सर्वे में 389 संवेदनशील स्थल चिह्नित किए गए हैं। ये वे स्थान हैं जहां 11 हजार वोल्ट और उससे अधिक क्षमता की लाइनें सड़कों, बाजारों और रिहायशी निर्माणों के बेहद नजदीक से गुजर रही थीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए बिजली निगम ने चरणबद्ध तरीके से सुधार अभियान शुरू किया, जिसके तहत अब तक 309 साइटों पर कार्य पूरा किया जा चुका है।
सर्वे में सामने आया कि करीब 160 स्थान ऐसे थे जहां हाईवोल्टेज लाइनें मुख्य बाजार, ग्रामीण चौपाल, स्कूलों के आसपास और व्यस्त मार्गों के ऊपर से गुजर रही थीं। इन स्थानों को सबसे पहले प्राथमिकता दी गई। निगम ने अधिकांश सार्वजनिक स्थलों से तारों को शिफ्ट करने, ऊंचाई बढ़ाने या इंसुलेटेड केबल डालने का काम पूरा कर लिया है।
80 साइटों पर जारी है काम
अभी भी लगभग 80 स्थान ऐसे हैं जहां सुधार कार्य शेष है। इन साइटों पर तकनीकी प्रक्रियाएं और संसाधन जुटाने का काम जारी है। अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि करनाल में करीब 80 प्रतिशत सुधार कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य को अप्रैल माह तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।