अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। कस्बे के बेहतरीन सरकारी स्कूलों में शुमार और विधायक हरविंद्र कल्याण के गांव कुटेल का प्राइमरी स्कूल शरारती तत्वों और चोरों के निशाने पर है। कुटेल गांव के गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में कुछ शरारती तत्वों ने स्टोर रूम का दरवाजा तोड़ उसमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। शरारती तत्वों ने स्कूल में जमकर उत्पात मचाया और स्कूल की दीवारों पर लगी फेसिंग वायर तक को तोड़ दिया। विद्यालय के हेडमास्टर ने घटना की शिकायत मधुबन पुलिस को दी है। रविवार की रात शरारती तत्व दीवारों पर लगी फेंसिंग वायर को तोड़कर स्कूल के अंदर दाखिल हुए, और स्कूल के स्टोर रूम को अपना निशाना बनाया। शरारती तत्वों ने स्टोर रूम का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। चोर स्टोर रूम में रखा यूपीएस व एक्साइड कंपनी की दो बैटरी लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में दिखाई दिखे चार व्यक्ति
विद्यालय के हेड टीचर दीपक गोस्वामी का कहना है कि चोरों ने स्कूल के स्टोर रूम के गेट को तोड़ा और उसके बाद वे दाखिल हुए है। सीसीटीवी फुटेज में चार व्यक्ति दिखाई दिए हैं, लेकिन उसके कुछ ही देर बाद लाइट बंद हो जाती है। इसके अलावा, शरारती तत्वों ने सीसीटीवी कैमरे के साथ भी छेड़छाड़ की है। स्टोर रूम से दो एक्साइड कंपनी की बैटरी व एजुसेट का यूपीएस चोरी हुआ है।
स्कूल में फेंकी जाती हैं शराब की बोतलें
हेड टीचर दीपक गोस्वामी ने बताया कि असामाजिक तत्व स्कूल का माहौल खराब करने में लगे हुए हैं। स्कूल के मुख्य गेट पर शराब की बोतलें पाई जाती हैं। इतना ही नहीं शरारती तत्व इन बोतलों को स्कूल के ग्राउंड में फेंक कर चले जाते हैं। इससे ग्राउंड में कांच ही कांच बिखरा पड़ा रहता है और स्कूली छात्र चोटिल भी हो जाते हैं। छात्रों को ही इन कांच के टुकड़ों को एकत्रित करना पड़ता है। इसके अलावा चिकन की हड्डियां व अंडे के छिलके तक स्कूल में फेंके जाते हैं।
शिकायतों के बावजूद भी नहीं समाधान
ऐसा नहीं है कि स्कूल में हो रही इन दिक्कतों को लेकर पुलिस या ग्राम पंचायत को न पता हो। बावजूद इसके पुलिस और पंचायत की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया। हेड टीचर दीपक गोस्वामी का कहना है कि उनका स्कूल क्षेत्र के बेहतरीन स्कूलों में गिना जाता है लेकिन उसी स्कूल के हालात बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया है कि बीती रात स्कूल में हुई इस घटना को लेकर मधुबन पुलिस को शिकायत की गई है।