अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। रेलवे स्टेशन पर शताब्दी ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई, लेकिन मृतक युवक की कोई शनाख्त नहीं हो पाई। युवक के समीप से एक रेलवे की टिकट जो अंबाला से आगे धूलकोट से करनाल की थी और एक मोबाइल उसकी जेब से मिला।
मोबाइल का लॉक लगा होने के कारण पुलिस उससे उसकी पहचान भी नहीं कर पाई। डेढ़ घंटे बाद मोबाइल पर उसके पिता का फोन आया। इसके बाद पुलिस कर्मी ने जुंडला निवासी सुरेंद्र को बताया दिया कि उसके बेटे की शताब्दी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह सुनते ही पिता के होश उड़ गए। जीआरपी इंचार्ज तारा सिंह ने बताया कि मृतक की शनाख्त जुंडला के शुभम के रूप में हुई है।