अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। करनाल से शैक्षणिक आदान प्रदान के लिए कनाडा गए करनाल के सात प्रिंसिपल के दल को भरपूर सफलता मिली जब कनाडा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और केप ब्रिटॉन यूनिवर्सिटी नोवा स्कोटिया, कनाडा के अध्यक्ष व वाइस चांसलर डेविड डंगवाल और उनके साथ यूनिवर्सिटी के सीनियर अधिकारियों के साथ शिक्षा क्षेत्र को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही यह निश्चित किया गया की आगामी वर्ष में करनाल से अध्यापकों व विद्यार्थियों का एक दल कनाडा आएगा व केप ब्रिटॉन यूनिवर्सिटी नोवा स्कोटिया के कैंपस में रह कर कनाडा की शिक्षा पद्धति का अध्ययन करेगा, कनाडा के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेगा। दोनों देशों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे व साथ ही कनाडा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। शिक्षा के आदान-प्रदान का यह प्रस्ताव हर वर्ष जारी रहेगा। दल का नेतृत्व कर रहे द इवेनटेरज कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रीतपाल सिंह पन्नु ने वाइस चांसलर डेविड डिंगपाल को बताया की करनाल के प्रिंसिपल्स को उनकी यूनिवर्सिटी में विजिट करवाने का उद्देश्य ये है कि वो कनाडा में शिक्षा के स्तर का आंकलन करें, अंतराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए कनाडा के शिक्षण संस्थाओं में दाखिले की शर्तों को समझे व शिक्षा के बाद स्थायी नागरिकता के नियमों के बारे जानकारी लें। बैठक में ओपीएस विद्या मंदिर कि प्रिंसिपल डॉ. जसजीत सूद, जेपीएस अकादमी असंध के प्रिंसिपल मोहन सिंह, नरसिंघ दास पब्लिक स्कूल तरावड़ी की प्रिंसिपल डॉ. निशा गुप्ता, दून इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल जितेंदर कौर, मैक्स इंटरनेशनल स्कूल असंध की प्रिंसिपल पूनम पसरीचा, आदर्श स्कूल के असंध के प्रिंसिपल व निदेशक रिछपाल राणा व ब्रह्मऋषि पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. राकेश शर्मा शामिल रहे।