अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से प्रतिभा खोज कार्यक्रम की पहली कड़ी में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के होनहार विद्यार्थियों ने अपनी शानदार कलाकृतियों के माध्यम से प्राकृतिक सौंदर्य, वन्य जीवन व ग्रामीण जीवन की तस्वीर पेश की। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न विभागोें के 22 प्रतिभागियों ने शिरकत की। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के संयोजक डॉ. सुरेंद्र नागिया व गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. पंकज गिल की देखरेख में किया गया। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. लता जैन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनके सुखद भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में बीकॉम की छात्रा नवनीत कौर पहले स्थान पर, सलोनी दूसरे स्थान पर और गृह विज्ञान विभाग की छात्रा मनीषा तीसरे स्थान पर रही। प्रतिभागी रिमिका को सांत्वना पुरस्कार मिला। पेंटिंग प्रतियोगिता में डॉ. प्रवीण वत्स, डॉ. रंजीत सिंह और डॉ. श्रेष्ठा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।