करनाल। सेवा, सुरक्षा और सहयोग का दम भरने वाली पुलिस शहरवासियों की सुरक्षा करने में फेल साबित हो रही है। शुक्रवार दोपहर बाद प्लसर बाइक सवार दो युवकों ने सेक्टर-6 और सेक्टर-16 में दो महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम देकर दहशत पैदा कर दी। सेक्टर-16 में हुई वारदात से 45 मिनट पहले पुलिस को इन स्नैचरों की जानकारी मिल गई थी कि इन्होंने सेक्टर-6 में महिला सरोज के गले से सोने की चेन झपटी है। सूचना मिलने के बावजूद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई, बल्कि उन्हीं स्नैचरों ने दूसरी वारदात को भी अंजाम दे दिया। इससे साफ जाहिर है कि पुलिस के सुरक्षा के दावे फेल है। इससे पहले भी शहर में अनेकों स्नैचिंग की वारदात हो चुकी हैं, स्नैचर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस वीटी करने में ही रह जाती है। स्नैचरों के बुलंद हौसलों के आगे पुलिस कमजोर नजर आ रही है। सीएम सिटी में एक घंटे के अंदर दो महिलाओं से स्नैचिंग की वारदात होने से शहर की महिलाएं डरी हुई हैं। उन्हें घर से बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है। शहर की महिलाएं जिला पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा रही हैं, क्योंकि घरों के बाहर से ही स्नैचर उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते हैं। बदमाश लगातार पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहे हैं। दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस केवल लकीर पीटती रह जाती है। इस बारे में सिविल लाइन थाना प्रभारी राजबीर यादव का कहना है कि बाइक सवार बदमाशों की तलाश जारी है।
वारदात नंबर -1 : 3.30 बजे सेक्टर-6 : घर के अंदर जा रही थी महिला
सेक्टर-6 निवासी सरोज ने बताया कि वह साढ़े तीन बजे के करीब वह अपनी भाभी को उनके घर छोड़कर एक्टीवा पर वापस अपने घर आ रही थी। जब वह अपने घर के अंदर एक्टीवा को ले जाने लगी तो पीछे से प्लसर बाइक पर सवार दो युवक आए, इनमें से एक युवक ने हेलमेट पहना हुआ था और पीछे बैठे युवक ने टोपी पहनी हुई थी। टोपी पहने हुए युवक ने पीछे से उसके गले से सोने की चेन झपटी, इस दौरान उसे चोट भी लग गई। इसके बाद बदमाशों का सुराग नहीं लगा और वे बाइक पर फरार हो गए।
4.30 बजे सेक्टर-16 : बेटे को ट्यूशन पर छोड़कर घर लौट रही महिला से झपटी चेन
सेक्टर-6 में महिला से स्नैचिंग करने के बाद बदमाश सेक्टर-16 में पहुंचे और उन्होंने मनजीत के गले से सोने की चेन झपटी ली। मनजीत अपने बेटे को ट्यूशन पर छोड़कर एक्टीवा सवार होकर घर वापस लौट रही थी। स्कूटी रुकवाने के लिए स्नैचरों ने मनजीत से राहुल शर्मा का घर पूछा और फिर चेन तोड़कर फरार हो गए। बता दें कि इससे पहले भी बाइक सवार बदमाश महिलाओं से एड्रैस पूछने के बहाने चेन झपट चुके हैं।