अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
समान काम, समान वेतन की मांग को लेकर धरने पर बैठे गेस्ट टीचरों को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर को एक गेस्ट टीचर ने चप्पल दिखा दी, चेतावनी भरे लहजे में गेस्ट टीचर ने दो टूक कहा कि आप की सरकार की वजह से ही आज हमें सड़कों पर धक्के खाने पड़ रहे हैं और हम झूठे आश्वासन को मानने वाले नहीं है। इतना ही नहीं इसी लहजे में आधे से ज्यादा गेस्ट टीचरों ने अशोक तंवर का विरोध किया। इसके साथ ही मृतक गेस्ट टीचर राजरानी के पिता रणधीर सिंह कुंडू का भी गुस्सा फूट पड़ा और उसने कहा कि मेरी बेटी का गोड़ा नवाण आया नहीं तो दूसरी का गोड़ा नवाण आया है कै।
बता दें अशोक तंवर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने के बाद गेस्ट टीचरों को समर्थन देने के लिए पंडाल में पहुंचे। वहां अशोक तंवर ने कहा कि वह सरकार आने पर पहली कलम से उनकी मांगों को पक्का करेंगे। यह बात सुनते ही गेस्ट टीचरों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कारण ही आज वे धरने पर बैठे हैं। दस साल तक कांग्रेस सरकार थी तब उन्हें गेस्ट टीचरों की याद क्यों नहीं आई।
जींद निवासी मृतक राजरानी के पिता रणधीर सिंह ने कहा कि सात सितंबर 2008 को पुलिस की गोली लगने के कारण ही उसकी बेटी राजरानी की मौत रोहतक में हुई थी, उस दौरान कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही सीएम थे। इसे बाद करीब एक मिनट बाद अशोक तंवर पंडाल से उठकर चले गए। इससे अलग किरण चौधरी और अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी गेस्ट टीचरों के धरने को समर्थन दिया।
24 मई तक का दिया स्थायी आश्वासन, आमरण अनशन तोड़ा
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सीएम के मीडिया एडवाइजर अमित आर्य ने गेस्ट टीचरों के साथ करीब एक घंटे तक मीटिंग की। इसके बाद अमित आर्य ने धरना स्थल पर पहुंचकर आमरण अनशन पर बैठी मैना यादव को जूस पीला और आश्वासन दिया कि 24 मई को मीटिंग के दौरान उनकी मांग समान काम, समान वेतन की मांग को स्थायी रूप से पूरा कर दिया जाएगा। इस आश्वासन पर गेस्ट टीचरों ने धरना स्थगित कर दिया। इसी दौरान मैना यादव ने कहा कि यदि उनकी मांग का पूरी नहीं हुई तो वे जून में दोबारा धरना देंगे और वे दोबारा अन्य महिला गेस्ट टीचरों के साथ मुंडन कराएंगी।
27 मई को संविधान बचाओ अभियान किया जाएगा शुरू
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने सरकार की तरफ से दलित के घर रात्रि भोज को दिखावा करार दिया। तंवर ने कहा कि बर्तन और खाना बाहर से बनकर आता है। वहां जाकर उस भोजन को करके गरीब लोगों के साथ मजाक किया जा रहा है। भाजपा का मकसद जाति आधार पर लोगों की लड़ाई करवाना है। तंवर ने रविवार को एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने दलित मजबूर लोगों का हक छीना है। बीजेपी व्यायामशाला बनाने के नाम पर घोटाले कर रही है। इसके बाद तंवर ने कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। कर कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली गई। तंवर ने बताया कि संविधान बचाओ अभियान के तहत करनाल में 27 मई को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह इसका प्रचार गांव-गांव तक पहुंचाए, ताकि सरकार का दोगला पन सभी के सामने आ सके।
आपस में भिड़े गेस्ट टीचर
धरना स्थगित होने के दौरान गेस्ट टीचरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान उनके बीच जमकर लात गुस्से व डंडे चले। इस दौरान दोनों गुटों में कई गेस्ट टीचर घायल हो गए और सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। एक गुट ने पुलिस को शिकायत दे दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।