दूसरे दिन भी सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, बिजली चोरी और फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल.घरौंडा। सीएम फ्लाइंग की टीम ने लगातार दूसरे दिन भी छापेमारी जारी रखी। दूसरे दिन टीम ने बिजली चोरी पकड़ी और एक फर्जी डॉक्टर को काबू किया। टीम की छापेमारी से अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। बुधवार को टीम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नगला-मेघा चौक पर झोलाछाप डॉक्टर के फर्जी अस्पताल का भंडाफोड़ किया है। झोलाछाप डॉक्टर बिना किसी मेडिकल योग्यता के पांच बेड का अस्पताल खोलकर मरीजों का इलाज कर रहा था। टीम की अचानक कार्रवाई से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। टीम ने मौैके से भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाईयां और सर्जिकल सामान बरामद किया है। सी.एम. फ्लाइंग ने झोलाछाप डॉक्टर को मंगलौरा पुलिस को सौंप दिया है। बुधवार की सुबह सीएम फ्लाइंग के डीएसपी बलजिंद्र सिंह के निर्देश पर टीम इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी गुरुचरण सिंह व डॉ. बीरबल व टीम सदस्य प्रदीप कुमार यादव, संदीप कुमार, तरुण कुमार, मंगलौरा चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह व पुलिस बल के साथ नगला मेघा चौक पहुंचे और मेन रोड पर झोलाछाप डॉक्टर रामपाल द्वारा धड़ल्ले से चलाए जा रहे फर्जी अस्पताल का पर्दाफाश किया। सीएम फ्लाइंग टीम के अधिकारियों के अनुसार डॉक्टर बिना किसी मेडिकल योग्यता के आधार पर मरीजों को ट्रीटमेंट दे रहा था। इतना ही नही अस्पताल में कई मरीजों को एडमिट भी किया हुआ था। फ्लाइंग टीम को फर्जी अस्पताल से भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाईयां, गुलूकोज की बोतलें, सिरिंज व सर्जिकल सामान भी बरामद किया है। फ्लाइंग टीम ने डॉक्टर रामपाल को काबू कर पुलिस को सौंप दिया है। फ्लाइंग इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डीएसपी बलजिंद्र सिंह के निर्देश पर नगला मेधा चौक पर चल रहे फर्जी अस्पताल पर छापेमारी की गई है। जहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाईयां व सर्जिकल समान बरामद हुआ है। अस्पताल के डॉक्टर रामपाल को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, करनाल में अशोक इंटरप्राइजिज पर बिजली चोरी पकड़ी, टीम ने यहां पर ढाई लाख रुपये जुर्माना कराया। इसके अलावा, अलग अलग स्थानों ने भारी मात्रा में अवैध शराब भी काबू की है।