संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कप का आयोजन 9 से 11 फरवरी तक गुरुग्राम व पलवल में होगा जिसके लिए वीरवार को कर्ण स्टेडियम में 300 खिलाड़ियों ने छह प्रतियोगिताओं के लिए ट्रायल दिया। इस प्रतियोगिता में पुरुष व महिला वर्ग के सीनियर वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, फुटबॉल और बास्केटबॉल शामिल हैं। ट्रायल सुबह 10 बजे शुरू हुआ और दोपहर करीब दो बजे तक चले। जिसमें पुरुष व महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों के ट्रायल दिए।
खेल विभाग की ओर से एक से दो दिन के अंदर चयनित होने वाले खिलाड़ियों को फोन करके बता दिया जाएगा। ट्रायल में हर एक खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से टीमें हिस्सा लेंगी। चयनित होने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग की ओर से ट्रैक सूट बनवाए जाएंगे और उसके साइज कोच को खेल अधिकारी को बताने होंगे। खो-खो व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जिला पलवल में करवाया जाना है और वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल तथा बास्केटबॉल गुरुग्राम होगा। सभी टीमों के साथ खेल विभाग की ओर से कोच की नियुक्ति की जाएगी।
जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी
राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता के लिए जिले से राज्य स्तर पर भेजने के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इस प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, फुटबॉल और बास्केटबॉल खेलों को शामिल किया गया। जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 9 से 11 फरवरी तक गुरुग्राम व पलवल में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। ट्रायल में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
.कबड्डी का ट्रायल देते खिलाड़ी । संवाद