सीआईए-1 करनाल और एसटीएफ अंबाला की टीम ने एक संयुक्त अभियान में तीन नशा तस्करों को 7.530 किलोग्राम अफीम और 128 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक में चावल के कट्टों के बीच नशे की खेप छिपाकर ला रहे थे, जिन्हें मेरठ रोड पर नंगला मेघा चौक से काबू किया गया।
पुलिस के अनुसार 18 जून को सुबह निरीक्षक दीपेंद्र सिंह इंचार्ज सीआईए-1 के नेतृत्व में सीआईए-1 की टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक केअंदर तीन व्यक्ति सवार हैं, जिसमें भारी मात्रा में अफीम व डोडा पोस्त भरकर उत्तर प्रदेश की तरफ से करनाल की तरफ आ रहे हैं। इस पर सीआईए-1 करनाल व एसटीएफ अंबाला की टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ट्रक को मेरठ रोड पर नंगला मेघा चौक पर रोका गया। इसमें बैठे तीनों आरोपी रजत निवासी गांव बीबीपुर जाटान जिला करनाल, कुलदीप सिंह और गुरमीत निवासी गांव बरोट थाना लाडवा जिला कुरुक्षेत्र को काबू किया गया। ट्रक की तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर भरे चावलों के कट्टों के ऊपर अलग से प्लास्टिक के 8 कट्टे मिले। इसको चेक करने पर इनमें से कुल 128 किलोग्राम डोडा पोस्त व एक पॉलीथिन में 7 किलोग्राम 530 ग्राम अफीम बरामद हुई। मधुबन थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया आरोपी अपने ट्रक में झारखंड के रांची से चावल के कट्टे भरकर लाए थे और यह चावल कट्टे उन्हें अंबाला में उतारने थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया कि अफीम व डोडा पोस्त को रांची से सस्ते दामों पर खरीदकर चावल के कट्टों के बीच में छिपा लिया था। आरोपियों को यह नशे की खेप पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के अलग-2 जगहों पर महंगे दामों पर सप्लाई करनी थी।