तीन दिन पहले तरावड़ी सब्जी मंडी में करनाल के आढ़ती अनिल कुमार से 3.50 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने चार आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों से 3 लाख 2 हजार रुपये, दो बाइक, एक कट्टा व रौंद बरामद किया है। आरोपियों ने करनाल सहित पंजाब में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है। डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज निरीक्षक हरजिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने 12 जून को चार आरोपी मलकीत सिंह, सुखबीर सिंह निवासी गांव सौंकड़ा थाना तरावड़ी, प्रवीण निवासी गांव रमाना रमानी थाना तरावड़ी व आरोपी सागर निवासी नजदीक मनोकामना मंदिर गांव शांभली थाना निगदू को शांभली से गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात से पहले अन्य साथियों से रेकी करवाते थे, जैसे ही आरोपियों को मौका मिलता पिस्तौल के बल पर डरा धमका कर मारपीट कर छीना झपटी करते थे। आरोपी छीने गए रुपयों व अन्य सामान को मौज मस्ती के लिए प्रयोग करते थे।
अब तक की गई वारदातें
-10 जून की सुबह 8.30 बजे सेक्टर-13 निवासी आढ़ती अनिल कुमार सब्जी मंडी तरावड़ी में अपने रुपयेलेने गया था। जैसे ही वह रुपये लेकर मंडी में कार में बैठने लगा दो बाइक पर सवार 4 युवक आए और उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। फिर डरा धमका कर व मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जिसमें 3.50 लाख रुपये थे।
-13 मई को तरावड़ी थाना में कमलेश कुमार निवासी गांव कल्याणपुर थाना विभूतिपुर जिला समस्तीपुर बिहार हाल राइस मिल तरावड़ी द्वारा शिकायत दी गई थी कि 12 मई करीब 3.30 बजे अपराह्न वह तरावड़ी रेलवे स्टेशन से राइस मिल की तरफ जा रहा था। तभी मुंह पर कपड़ा बांधे चार युवकों ने उसे रुकवाकर बाइक छीन ली।
-26 मई को निसिंग थाना में दी शिकायत में संदीप निवासी गांव निसिंग ने आरोप लगाया कि 26 मई एक बजे वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर गांव कुचपुरा से निसिंग आ रहा था। नानकसर गुरुद्वारा के पास दो बाइक सवार 5 युवक आए और रास्ता रोक कनपटी पर पिस्तौल रखकर बाइक छीन ली। छीनी गई बाइक बरामद कर ली है।
आरोपियों की हिस्ट्री
पुलिस के अनुसार आरोपियों पर पहले स्नैचिंग, हत्या का प्रयास व लूट के कई मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। आरोपी मलकीत के खिलाफ 2020 में थाना बुटाना में स्नैचिंग का एक मामला दर्ज है। आरोपी प्रवीण के खिलाफ भी एक मामला लूट का 2020 में थाना बुटाना में दर्ज है। दोनों आरोपियों मलकीत व प्रवीण के खिलाफ हत्या के प्रयास का भी एक मामला जिला बरनाला पंजाब में दर्ज है। आरोपी इन मामलों में गिरफ्तार हो चुके थे और जमानत पर थे। इन आरोपियों ने पंजाब में भी वारदातों को अंजाम दिया है।