मधुबन (करनाल)। कर्तव्यनिष्ठा, देश की एकता एवं अखंडता की शपथ लेकर 20 सिपाही हरियाणा पुलिस में जनसेवा को समर्पित हो गए हैं। वीरवार को हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में रिक्रूट बैच संख्या 89 के दीक्षांत परेड समारोह में डीजीपी हरियाणा पुलिस मनोज यादव ने बतौर मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इन सिपाहियों में 61 महिला व 219 पुरुष सिपाही हैं। अकादमी के निदेशक डा. सीएस राव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि हमेशा न्याय दिलाने के लिए प्रयत्नशील रहें। प्रशिक्षण में प्रथम रही गीता रानी, द्वितीय मोनिका व तृतीय संगीता को सम्मानित किया गया।
अकादमी के निदेशक डा. सीएस राव ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत परेड के 61 महिला प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन-करनाल में तथा 219 पुरुष प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय सुनारिया-रोहतक में एक अगस्त 2020 को शुरू हुआ था। इनमें 31 स्नातकोत्तर, एक व्यवसायिक स्नातकोत्तर, 135 स्नातक, 37 व्यवसायिक स्नातक, आठ डिप्लोमा धारक, 64 बारहवीं व चार दसवीं पास हैं। इस बैच को आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है।
मौके पर अकादमी के पुलिस उप महानिरीक्षक डा. अरुण सिंह, हरियाणा राज्य अपराध शाखा के डीजीपी मोहम्मद अकील, हरियाणा पुलिस आवास निगम के प्रबंधन निदेशक डा. आरसी मिश्रा, एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क, एडीजीपी (मुख्यालय) कला रामचंद्रन, रोहतक रेंज व पीटीसी सुनारियां के एडीजीपी संदीप खिरवार, करनाल रेंज की आइजी पी ममता सिंह, अंबाला रेंज की आइजी पी भारती अरोड़ा, हरियाणा सशस्त्र पुलिस के आइजीपी हरदीप सिंह दून, एससीबी गुरुग्राम की आइजीपी डा. राजश्री, हिसार रेंज के आइजीपी राकेश आर्य, अकादमी के डीआइजी डा. अरूण सिंह, पीटीसी सुनारिया के डीआइजी कृष्ण मुरारी, अकादमी के पुलिस अधीक्षक राजेश कालिया, एचपीएचसीके चीफ इंजीनियर संजय महाजन व अधीक्षण अभियंता केएन भट्ट मौजूद रहे।