करनाल। जिले में लघु सचिवालय और नगर निगम सहित विभिन्न उपमंडल कार्यालयों और स्थानीय निकायों में बुधवार को कुल 36 शिकायतें आईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को सप्ताहभर के अंदर निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
लघु सचिवालय के सभागार में बुधवार को उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में समाधान शिविर लगाया गया। जिसमें आठ शिकायतें आईं, इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। ये तीनों शिकायतें परिवार पहचान पत्र सं सबंधित थीं। शेष भूमि की नाप व भवन संबंधी पांच शिकायतें अभी लंबित हैं। उपमंडल इंद्री में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) से संबंधित पांच शिकायतें आई, इन सभी का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी तरह घरौंडा उपमंडल में आई क्रिड से संबंधित पांच शिकायतों का भी समाधान कर दिया गया। असंध व नीलोखेड़ी उपमंडल में एक-एक शिकायत आई, जिनका भी निस्तारण हो गया।
इधर, नगर निगम करनाल के कार्यालय में चार शिकायत आई, जिनमें से दो शिकायतों का समाधान कर दिया गया। ये दोनों शिकायतें संपत्ति आईडी में नाम सुधरवाने के लिए थी। घरौंडा नगरपालिका में आई में तीन शिकायतों का भी निराकरण कर दिया गया। असंध में सभी आठ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इंद्री नगर पालिका में एक शिकायत प्राप्त हुई जिसका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं नगर पालिका नीलोखेड़ी, तरावड़ी व निसिंग कार्यालय में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।