- 23 सब स्टेशन में साढ़े 12 और तीन में 16 घंटे बाधित रही बिजली, 90 जगहों पर पेड़ों की शाखाएं गिरीं
- तरावड़ी में बिजली के खंभे से टकराने पर एक बाइक सवार युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अंधड़ और बारिश से जिले में 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बुधवार रात आए अंधड़ से बिजली निगम को खासा नुकसान हुआ है। बिजली निगम के 26 विद्युत सब स्टेशनों पर खराबी आई, जिसकी वजह से आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिसे पूरी तरह से सुचारु करने में बिजली निगम को 12 से 16 घंटे का वक्त लगा।
बृहस्पतिवार की शाम तक पूरी तरह से आपूर्ति सुचारू की जा सकी। साथ ही जिले में 90 जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूट कर गिरी, जिससे कई जगहों पर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जगह-जगह लगे होर्डिंग और बोर्ड गिर पड़े। राजकीय कन्या विद्यालय तरावड़ी के गेट के पास गिरे बिजली के खंभे से टकराकर एक युवक घायल हो गया। उसे करनाल के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
करनाल, असंध, तरावड़ी, घरौंडा, इंद्री और निसिंग में 270 जगहों पर बिजली के खंभे कहीं गिरे तो कहीं झुक गए। जिसकी वजह से हाईटेंशन तारें झूल गईं। इतना ही नहीं 70 जगहों पर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 26 विद्युत सब स्टेशन में फॉल्ट आए। इनमें से 23 विद्युत सब स्टेशन में आए फॉल्ट को बृहस्पतिवार दोपहर 12:30 बजे तक ठीक कर लिया गया और बाकी तीन सब स्टेशन के फॉल्ट शाम पांच बजे ठीक किए जा सके।
बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और सब स्टेशनों के फाॅल्ट ठीक करने में बिजली निगम को 16 घंटे का वक्त लगा। सेक्टर-14 में पेड़ की शाखा गिरने से एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगहों पर रास्ते बंद हो गए। सुबह नगर निगम की टीम ने पेड़ों को हटाकर बाधित हुए रास्ते खोले।
राइस मिल के गोदाम की छत उड़ी, दीवार टूटी
तरावड़ी। अंधड़ से रेलवे रोड स्थित एक राइस मिल गोदाम की छत उड़ गई और एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। राजकीय कन्या विद्यालय तरावड़ी के गेट के पास लगा बिजली का खंभा गिर गया। जिससे टकराकर एक युवक भी घायल हो गया। उसे करनाल के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। गांव के सड़क किनारे लगे पेड़ उखड़ गए।
गोदामों में रखा चावल भीगा
रेलवे रोड स्थित ग्रीन वेली एग्रो राइस मिल के दो गोदामों की छतें उड़ गईं। गोदामों में रखा चावल भीग गया। मिल के अंदर एक दीवार का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तरावड़ी के राजकीय कन्या विद्यालय में सड़क के बाहर खड़ा बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। बिजली की कई तारें टूट गईं। रात एक बजे के बाद तरावड़ी में अंधेरा छा गया। बिजली निगम के एसडीओ संदीप ने बताया कि शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसी खंभे से टकराकर सुबह एक बाइक सवार भी घायल हो गया। वह तरावड़ी स्थित वार्ड-5 का रहने वाला है।