माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के मुख्य बाजार समेत छोटी-बड़ी 26 बाजार की सफाई रोजाना रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक करवाई जाएगी। इस काम के लिए निगम करीब 130 सफाई कर्मचारियों को एजेंसी के माध्यम से लगाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बाजार में सफाई के लिए हर आधा किलोमीटर पर एक सफाई कर्मचारी मौजूद रहेगा। सभी कर्मचारी रात के समय झाड़ू लगाकर कूड़ा हटाएंगे, जिसे बाद में डंपिंग प्वाइंट तक पहुंचाया जाएगा। बाजार में सफाई की इस योजना पर निगम रोजाना लगभग एक लाख रुपये खर्च करेगा। यानी एक महीने में 31 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके साथ निगम पांच साल के लिए सफाई कार्य का ठेका देने की तैयारी भी कर रहा है, जिसका अनुमान 18.55 करोड़ रुपये लगाया गया है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि रात को सफाई कराने से न केवल बाजार की सूरत सुधरेगी, बल्कि दिन के समय दुकानदारों और ग्राहकों को असुविधा नहीं होगी। शहरवासियों और व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया है, हालांकि समय पर सफाई सुनिश्चित कराने की मांग भी की है।