करनाल। जिले में 28 अगस्त से 30 अक्तूबर तक अवैध खनन में 25 वाहनों को जब्त किया गया। 8.63 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
लालुपुरा गांव में अवैध खनन के मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई। इस साल अब तक 161 वाहन सीज किए जा चुके हैं। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को कार्रवाई तेज करने और अवैध खनन करने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
लघु सचिवालय में आयोजित मासिक खनन बैठक में जिला खनन अधिकारी सांची ने कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस साल सीज किए गए वाहनों से जुड़े मामलों में 52 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं।
इनमें से 32 मामलों में चालान अदालत में पेश किए जा चुके हैं, जबकि 20 मामलों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। उपायुक्त ने पुलिस, खनन, एनफोर्समेंट और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को अवैध खनन रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्यूरो