माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। बेटे को विदेश भेजने का झांसा देकर हरियाणा पुलिस के दिवंगत एसपीओ की पत्नी से 25 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी को भी दी, लेकिन असंध पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। अब शिकायत सीएम विंडो के मार्फत पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता मनजीत कौर ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस के दिवंगत एसपीओ नरेंद्र सिंह की पत्नी है। उन्होंने चौगामा निवासी जशनप्रीत सिंह पर उनके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी जशनप्रीत सिंह ने उनके बेटे गुरसहज पाल को कनाडा भेजने का झांसा दिया और इसके लिए 25 लाख रुपये की रकम हड़प ली। जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले की शिकायत 11 मार्च 2025 को एसपी करनाल को दी गई थी, जिसके बाद मामले की जांच का जिम्मा थाना असंध के एएसआई कर्मबीर को सौंपा गया।
आरोप है कि शिकायत दर्ज करवाने के बाद उन्होंने 20 से 25 दिनों में थाना असंध के छह से सात बार चक्कर काटे, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब आरोपी जशनप्रीत सिंह और उसके साथी विदेश भागने की फिराक में हैं। पीड़िता का कहना है कि उनके पास सारे जरूरी दस्तावेज व साक्ष्य मौजूद हैं, लेकिन थाना असंध पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही। मनजीत कौर ने मामले की जांच किसी उच्च अधिकारी, जैसे असंध डीएसपी या उससे ऊपर के अधिकारी से करवाने की मांग की है।