संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कंपनी में बोलेरो गाड़ी लगवाने के नाम पर एक आरोपी ने 2.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। वार्ड सात तरावड़ी निवासी विनोद कुमार ने सदर थाना पुलिस को बताया कि 15 मार्च को दोपहर साढ़े तीन बजे एक अनजान व्यक्ति का फोन आया और उसने उसकी किराए पर गाड़ी ली और कहा कि वह उसे करनाल छोड़ के आ जाए। वह उसे 1200 रुपये दे देगा। उसने रास्ते में उससे कहा कि एक बोलेरो और निकलवा ले उनकी कंपनी में लगवा देंगे जिससे प्रतिमाह 45 हजार रुपये और तीन हजार रुपये खाने का खर्चा मिलेगा। वह आरोपी के झांसे में आ गया। उसके बाद वह गाड़ी लेकर करनाल भाटिया मोटर गैराज में ले गया।
वहां आरोपी ने उसके पिता से भी यही बात की तो उसके पिता ने सहमति जता दी। जिसके बाद आरोपी एक कंपनी के गैराज में ले गया। जहां पर बोलेरो गाड़ी खड़ी थी। जिसके आरोपी ने 11 लाख रुपये मांगे। जिसके बाद उसने गाड़ी की डाउन पेमेंट के नाम पर उससे 2.50 लाख रुपये ले लिए। जब उसने बाद में गाड़ी व उसे कंपनी में लगवाने की बात की तो आरोपी ने साफ मना कर दिया। अब आरोपी न तो उसका फोन उठा रहा है और न ही रुपये वापस कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।