गांव बालू निवासी एक युवक से अमेरिका भेजने के नाम पर 23 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि पीड़ित ने सवा छह एकड़ जमीन बेचकर रुपए दिए थे। अर्शदीप सिंह ने बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। एक दिन वह अपने मामा के घर गांव दुसैन जिला कैथल गया था। वहां उसके मामा ने कहा कि उनके गाव का अमरीक सिंह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है और उसका करनाल में ही ऑफिस है। उसकी बातों में आकर वह अमरीक से मिलने दिसंबर 2018 में उसके ऑफिस करनाल पहुंचा। जहां पर उसका एक पार्टनर विक्रम उर्फ विक्की भी मौजूद था। उसने कहा कि 36 लाख रुपए में वह उसे अमेरिका भेज देंगे। इसके लिए पहले 21 लाख रुपए देने होंगे और बाकी 15 लाख बाद में। उसने अपने पिता को यह बात बताई। उसके पिता ने सवा छह एकड़ जमीन बेच दी। पहले अमरीक ने उसे दो लाख रुपए लेकर ऑफिस बुलाया। फिर 21 लाख रुपए लेकर ग्रीस भेज दिया जहां से स्पेन और फिर मैक्सिको भेज दिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। किसी तरह वह वहां से इंडिया वापस आ गया। अब आरोपी रुपए नही लौटा रहा है।