करनाल। सर्राफा बाजार स्थित हनुमान मंदिर गली में रात को चोर एक मकान से करीब सात तोले सोने के गहने व 1.20 लाख रुपये चोरी कर ले गए। इस दौरान पूरा परिवार चंडीगढ़ रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में गया हुआ था। सुबह पड़ोसियों ने घर के मालिक को इसकी सूचना दी। उन्होंने मौके पर आकर देखा तो घर में सामान बिखरा हुआ था। सूचना मिलने में सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक एमएल मल्होत्रा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ एक शादी समारोह में गया हुआ था। रात को चोर उसके घर में घुस गए और घर से करीब सात तोले सोने के गहने व 1.20 लाख रुपये भी चोरी कर ले गए। ये रुपये उन्होंने बच्चों के दाखिले के लिए रखे हुए थे। वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि इस गली में छह बार चोरी हो चुकी है। चोरों को पता होता है कि कौन से घर में ताला लगा हुआ है और सभी सदस्य घर से बाहर हैं। सिटी थाना जांच अधिकारी लक्ष्मण का कहना है कि गली में कहीं भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।