अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नागरिकों को त्वरित और आसानी से सुलभ होने वाली सुविधाएं मुहैया करवाने के मकसद से जिला के असंध और नीलोखेड़ी में सरल केंद्रों के विस्तारीकरण के बाद अब करनाल के तहसील परिसर में सरल केंद्र के विस्तार का कार्य युद्घस्तर पर चल रहा है।
इसका नाम सरल केंद्र-2 होगा। उम्मीद है कि करीब एक महीने के बाद इसमें सेवाएं शुरू हो जाएंगी। डीसी एवं जिला सूचना प्रौद्योगिकी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. आदित्य दहिया ने वीरवार को इस संबंध में आयोजित एक बैठक में बताया कि तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री, इंतकाल, जमाबंदी और नकल जैसे कार्य करवाने वालों की संख्या में दिनो-दिन बढ़ोतरी हो रही है, इसे देखते हुए इस सुविधा के विस्तार करने की योजना बनाई गई, जिस पर काम चल रहा है। बैठक में डीआईओ महिपाल सीकरी और एडीआईओ परविंद्र सिंह भी उपस्थित थे। सरल केंद्र में नागरिकों के लिए क्या-क्या सुविधाएं होगी, इस बारे उन्होंने बताया कि सरल केंद्र-2 में हेल्प डेस्क होगा। टोकन प्राप्त करने के लिए विंडो होंगी। एक पर्याप्त और वातानुकूलित प्रतीक्षालय होगा।
दो डैश बोर्ड स्क्रीन होंगी, जिन पर नागरिक आसानी से अपने टोकन नंबर व काउंटर देख सकेंगे और इस तरह उनका कार्य जल्द और आसानी से संभव होगा। समय की भी बचत होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें किसी बिचौलिये या दलाल की भी जरूरत नहीं होगी। कई बार व्यक्ति अपना टोकन नंबर डैश बोर्ड पर नहीं देख सकता, ऐसे व्यक्तियों के लिए उद्घोषणा सिस्टम भी रहेगा। उन्होंने बताया कि विस्तार के बाद सरल केंद्र अपने व्यवस्थित रूप में होगा। नागरिकों की सुविधा के लिए कम से कम सात काउंटर होंगे। जमीन की रजिस्ट्रेशन, नकल, म्यूटेशन या इंतकाल जैसे कार्य सरलता से होंगे। डीसी ने यह भी बताया कि नीलोखेड़ी और असंध में स्थित तहसील परिसरों में सरल केंद्रों का विस्तार कर दिया गया है और अब वहां नागरिकों को बेहतर और ज्यादा सुविधाएं मिल रही हैं। औसतन 100 से अधिक व्यक्ति रोजाना सरल केंद्रों में आकर अपना कार्य करवा रहे हैं।