अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव कलामपुरा में आयोजित कार्यक्रम में एक कार्यकर्ता मंच पर सीएम मनोहर लाल के सामने फूट-फूट कर रोया। उसने बताया कि पाल नगर के मंदिर में उन्होंने भंडारे का आयोजन किया हुआ था, जिसमें सीएम से टाइम मिला हुआ था और सीएम को उस भंडारे में भी आना था। लेकिन सीएम का काफिला उस मंदिर के सामने से बिना रूके गुजर गया। इस बात का पता चलते ही सीएम, ओएसडी अमरेंद्र सिंह पर गमर होते नजर आए। इसके बाद सीएम ने कार्यकर्ता को कहा की वे इस कार्यक्रम के बाद वहां रूकेंगे। वार्ड नंबर-20 निवासी सतीश ने बताया कि वह शुरू से ही बीजेपी का कार्यकर्ता है। उसने पाल नगर के मंदिर में भंडारे का आयोजन किया हुआ था और सीएम के प्रोग्राम में भी शामिल था। लेकिन वह अपने साथियों के साथ मंदिर के बाहर सीएम का इंतजार करता रहा और सीएम का काफिला उनके सामने से ही काछवा की ओर चला गया। इस लिए वह कलामपुरा में सीएम से अपने कार्यक्रम के बारे में बताने आया था, जिसमें सीएम ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम के बारे में किसी ने बताया नहीं है। अब जाते हुए वे वहां रूक कर जाएंगे।
स्वच्छता का संदेश लेकर चार गांवों में पहुंचे सीएम
करनाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को नई दिल्ली में हरियाणा को दिए गए स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 पुरस्कार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा की जनता को समर्पित करते हुए करनाल जिले के महात्मा गांधी चौक से शुरुआत कर जिले के चार गांव काछवा, कलामपुरा, पुंडरक व रतनगढ़ का दौरा कर लोगों को हरियाणा की इस उपलब्धि की जानकारी दी और यह पुरस्कार राज्य की जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन विशेष महत्व का दिन है। देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी ने स्वच्छता अपनाने की जो बात कही थी, उसका देश की जनता से आह्वान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्तूबर, 2016 महात्मा गांधी जयंती से किया था और उनकी 2 अक्तूबर, 2019 में पड़ने वाली 150वीं जयंती पर स्वच्छ भारत देश की जनता को समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चारों गांवों में अपने दौरे के दौरान ग्राम पंचायतों द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, शुगरफैड के चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया, पूर्व मेयर रेणू बाला गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, योगेन्द्र राणा, मेहर सिंह कलामपुरा, मंडल अध्यक्ष प्रवीन लाठर, अमर ठक्कर, दीपक गुप्ता, सुनील गोयल, कुलदीप शर्मा, उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, पुलिस अधीक्षक एसएस भौरिया उपस्थित थे।