अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। देश की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत का प्रदेश में सीएम मनोहर लाल 23 सितंबर को करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से शुभारंभ करेंगे। इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी होंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई हैं। करनाल जिले में एक लाख 15 हजार 35 परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिनमें करीब 6 लाख सदस्य शामिल है। जो पांच लाख रुपये तक निजी अस्पताल में फ्री इलाज करा सकते हैं। करनाल में इस योजना के साथ चार सरकारी और 22 प्राइवेट अस्पताल जुड़े हैं। इनमें से 11 प्राइवेट अस्पताल को स्वीकृति मिल गई है और 11 की फाइल हेड क्वार्टर भेजी हुई है। जिन्हें जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।
इनको मिलना है लाभ
वर्ष-2011 की जनगणना के अनुसार बीपीएल, लेबर, भिखारी सहित सभी वर्गों के लोगों का डाटा एकत्रित किया गया है। सामाजिक, आर्थिक व जातिगत जनगणना में जिन लोगों के नाम हैं उन सभी को इस योजना का लाभ मिलना है। देश भर में 10.5 करोड़ परिवारों के करीब 55 करोड़ लोगों को योजना का लाभ मिलना है। इसमें जिले के एक लाख 15 हजार 35 परिवार शामिल है।
ये है आयुष्मान योजना, ऐसे मिलेगा लाभ
2011 में जो जनगणना हुई है उसका डाटा विभाग के पास है। जब व्यक्ति को कोई सर्जरी करानी है या कोई बीमारी है तो वह अस्पताल में दाखिल होकर आयुष्मान मित्रा के पास जाकर अपना नाम वहां चेक कराएगा और फिर उसकी स्वीकृति के लिए हेड क्वार्टर से अनुमति लेकर उसका गोल्डन कार्ड बनाया जाएगा और उसके कार्ड के बेस पर उस व्यक्ति का या उसके परिवार के सदस्य का पांच लाख रुपये तक फ्री इलाज किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को अपना नाम इस लिस्ट में देखना है तो वह आयुष्मान मित्रा में जाकर चेक करा सकते हैं।
ये है 11 है प्राइवेट अस्पताल, जिनमें करा सकते हैं फ्री इलाज
इस योजना के तहत कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल, सिविल अस्पताल करनाल, सब डिविजन अस्पताल असंध, सब डिविजन अस्पताल नीलोखड़ी शामिल है जो सरकारी अस्पताल है। इसी प्रकार 11 प्राइवेट अस्पताल है। इनमें डॉ. केसी सचदेवा अस्पताल, सुशील गर्ग अस्पताल, सरस्वती, मिगलानी नर्सिंग होम, संजीव बंसल सिग्नेस अस्पताल, पार्क अस्पताल, बालाजी अस्पताल, रामा सुपर स्पेशियलिटी और क्रिटिकल केयर अस्पताल, विर्क अस्पताल, मिमानी अस्पताल, भटनागर आई केयर सेंटर है। इनसे अलग 11 अस्पताल के आवेदन गए हुए हैं।
जानिए शहर और ग्रामीण में कितने हैं परिवार
जिले में 2011 की जनगणना के अनुसार 1,15,035 परिवार है, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें से शहर में 39,732 परिवार है और ग्रामीण क्षेत्र में 75,303 परिवार है। यदि एक परिवार में पांच सदस्य माने जाऐ तो छह लाख के करीब सदस्य है। इस बीमा राशि का लाभ पूरे परिवार को मिलेगा।
..............................
-जिले में एक लाख 15 हजार 35 परिवार है, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। रविवार को सीएम व स्वास्थ्य मंत्री इस योजना का शुभारंभ करेंगे। तैयारियां पूरी हो चुकी है। अभी 11 प्राइवेट अस्पताल के आवेदन आए हैं, बाकि 11 प्राइवेट अस्पतालों की फाइल हेड ऑफिस भेजी जा चुकी है।
- डॉ. राजिंद्र सिंह, डीप्टी सीएमओ, करनाल।