पीएम पांच मई को करेंगे मेडिकल यूनिवर्सिटी का शिलान्यास, तैयारियों में जुटा प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। गांव कुटेल में बनने वाली पंडित दीनदयाल उपाध्याय से बनने वाली मेडिकल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास को लेकर तैयारियों में जुट गया है। करीब दो हजार करोड़ रुपये से बनने वाली इस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच मई को करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर हैफेड चेयरमैन और विधायक हरविंद्र कल्याण, स्वास्थ्य विभाग डीजी धनपत सिंह, जिला उपायुक्त डा. आदित्य दहिया, जिला पुलिस अधीक्षक जश्लदीप रंधावा और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। डीजी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्य में संबंधित विभाग के अधिकारी पूरा सहयोग दें।
विधायक कल्याण ने कहा कि यूनिवर्सिटी के बनने से उत्तरी हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश सहित अन्य लोगों को लाभ होगा। वीरवार की रात को ही मंत्री कर्ण देव कांबोज ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दौरा किया। शुक्रवार को दोपहर बाद हलका विधायक हरविंद्र कल्याण, हेल्थ विभाग के डीजी धनपत सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग के डीजी दलपत सिंह ने बताया कि इसी अकादमी सत्र से मेडिकल यूनिवर्सिटी में नर्सिंग और फिजियोथैरेपी की क्लासें शुरू हो जाएगी। इसके लिए पायलेट प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। यह 25 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। न्होंने बताया कि प्रदेश में एक यूनिवर्सिटी रोहतक में है व दूसरी यूनिवर्सिटी कुटेल में स्थापित की जाएगी। यूनिवर्सिटी के रास्ते को लेकर हुए विवाद पर कहा कि कोई भी जमीन यदि एक्वायर की जाती है तो उसके लिए नया एक्ट आ गया है। उसी के अनुसार लोगों के सहयोग से कार्य किया जा रहा है।
पहले चरण में होंगे 750 करोड़ खर्च
स्वास्थ्य विभाग के डीजी धनपत सिंह ने बताया कि प्रथम चरण का कार्य शुरू होगा। इस पर लगभग 750 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यूनिवर्सिटी में लगभग आठ हॉस्पिटल बनेंगे। उन्होंने बताया कि इस यूनिवर्सिटी पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है।