अतिथि अध्यापकों ने की नियमित करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ का जिला सचिवालय के सामने 54 दिनों से धरना जारी है। रविवार को कलायत ब्लॉक के अध्यापक धरने पर बैठे। इस मौके पर जिला प्रधान राजकुमार और पूर्व प्रधान नरेंद्र संधू ने कहा कि भाजपा सरकार ने बार-बार शिक्षकों का अपमान किया है। अतिथि अध्यापकों का पूरा हक बनता है कि उन्हें नियमित किया जाए। कानूनी अड़चन डालकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने का काम न करे। चुनाव के समय अध्यापकों ने भाजपा का साथ इसलिए दिया था कि सरकार बनते ही उन्हें रेगुलर कर दिया जाएगा। भाजपा नेताओं ने जोकि अब सरकार में मंत्री और विधायक भी हैं ने दावा किया था कि पहली कलम से गेस्ट टीचरों को नियमित कर देंगे। अब सरकार बनने के तीन साल बाद भी अध्यापकों को रेगुलर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार कोर्ट का बहाना बनाकर अतिथि अध्यापकों का रोजगार छीन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के आदेश को तुरंत प्रभाव से हरियाणा प्रदेश में पिछले 12 साल से कार्यरत 15 हजार अतिथि अध्यापकों पर तुरंत प्रभाव से लागू करें।