खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय की ओर से सेक्टर-12 में संयुक्त राज्य स्तरीय खादी मार्केटिंग व पीएमईजीपी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। केवीआईसी अध्यक्ष मनोज कुमार और मेयर रेन बाला गुप्ता ने उद्घाटन किया। ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत 206 मशीनों और टूलकिट के साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कारीगरों को प्रमाणपत्रों का वितरित किए गए।
22 फरवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी में 79 स्टॉल लगाए गए हैं। मनोज कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी में उपलब्ध सभी उत्पाद स्वदेशी और पर्यावरण के अनुकूल हैं। कारीगरों को 146 लेदर टूलकिट, 20 विद्युत चालित चाक, 20 इलेक्ट्रिशियन टूलकिट और 20 वेस्ट्युड टूलकिट का भी वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खादी क्रांति ने पिछले 11 वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग के कारोबार को 1.70 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा दिया है, जबकि इस दौरान 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। राज्य कार्यालय अंबाला के अंतर्गत खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। वर्तमान में 96 खादी संस्थाएं कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से 59,796 से अधिक खादी कारीगरों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत इस अवधि में 6 हजार से अधिक मशीनों, उपकरणों एवं टूलकिट का वितरण किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहन मिला है और आत्मनिर्भरता को नई गति मिली है।
इस दौरान खादी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पीएमईजीपी यूनिट के लाभार्थी, खादी कार्यकर्ता समेत पंजाब व हरियाणा सरकार और केवीआईसी के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।