अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कुमारी विद्यावती आनंद डीएवी महिला महाविद्यालय करनाल में प्राचार्य सुजाता गुप्ता के सौजन्य से बुधवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत समारोह के शुभ अवसर पर कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ शैक्षणिक शौभयात्रा के बाद डीएवी गान से किया गया। इसके बाद वेद मंत्र उच्चारण से सभागार गूंज उठा। प्राचार्य सुजाता गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्राचार्य सुजाता गुप्ता ने अपने भाषण में वार्षिक उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और छात्राओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को आशीष देते हुए उन्हें इस महाविद्यालय से प्राप्त जीवन मूल्यों, कठोर परिश्रम, परोपकार, सत्य एवं अंहिसा, दया सहिष्णुता आदि को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राओं को कभी भी अपनी जिज्ञासा को खत्म नहीं होने देना चाहिए। परीक्षा शाखा- नियंत्रक डॉ. संगीता गौरांग व सह नियंत्रक-परीक्षा शाखा डॉ. मंजू बाला शर्मा व डॉ. सुषमा ठाकुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया। इस कार्यक्रम में सभी प्राध्यापिकाओं व छात्राओं ने पारम्परिक वेषभूषा व अंगवस्त्र धारण किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा महाविद्यालय की समाचार-पत्रिका का विमोचन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समस्त शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।