अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नगर निगम के सीनियर व डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर सोमवार दोपहर 3 बजे नगर निगम सदन की बैठक बुलाई गई है। हालांकि, अभी तक किसी के भी नाम फाइनल नहीं किए गए हैं। गौरतलब है कि नए सदन के आने के बाद 60 दिन के अंदर हाउस की बैठक बुलानी होती है और दोनों पदों के लिए चुनाव कराना होता है।
बता दें कि नगर निगम के कुल 20 पार्षदों में 12 पार्षद भाजपा से हैं, ज बकि अन्य आजाद हैं। मेयर चुने जाने के बाद एक पार्षद ने अपना समर्थन भाजपा को दे दिया था। ऐसे में अगर चुनाव होता है तो ये तो तय है कि दोनों ही पद भाजपा को मिले वाले हैं, क्योंकि अन्य कोई पार्षद न तो दावा ठोक रहा है और न ही पार्षदों से वोट की अपील कर रहा है। संभावना जताई जा रही है कि भाजपा ये दोनों पद पंजाबी समुदाय व एससी वर्ग के पार्षदों को थमा सकती है। देखना यह है कि सोमवार को होने वाली बैठक में सभी पार्षद पहुंचते हैं या नहीं। सूत्रों का दावा है कि भाजपा इन दोनों पदों पर चुनाव लोकसभा चुनाव के बाद कराना चाहती है।