अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने और बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने 13 थाना प्रभारियों समेत कुल 35 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें सीआईए-वन के इंचार्ज वीरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन में भेजा गया, जबकि दीपेंद्र राणा को सीआईए वन का इंचार्ज लगाया है।
इसी प्रकार, घरौंडा के थाना प्रभारी मनोज कुमार को सीआईए-2 का प्रभारी लगाया है। इसके साथ ही सब इंस्पेक्टर मनोज वर्मा को सदर थाना का प्रभारी लगाया है। राजबीर सिंह को सिविल लाइन थाना से कुंजपुरा भेजा गया है। सदर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार को तरावड़ी और पुलिस लाइन से रोशन लाल को ट्रैफिक पुलिस का जिम्मा सौंपा गया है। इसी प्रकार, संजीव मलिक को असंध थाना प्रभारी बनाया गया है। तरावड़ी के थाना प्रभारी सुभाष को पीओ स्टाफ का प्रभारी लगाया है। पुलिस लाइन से दीपक कुमार को घरौंडा का थाना प्रभारी लगाया है। इसके अलावा, एसआई, एएसआई व हवलदार और सिपाही स्तर के जवानों को भी इधर से उधर किया गया है।
तबादला रूटीन प्रक्रिया है। इंस्पेक्टर समेत 35 पुलिस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। हमारा मकसद है कि कानून व्यवस्था मजबूती से लागू हो और हर हाल में बदमाशों पर लगाम लगाई जाए। मुझे यकीन है कि नए थाना प्रभारी पूरी सक्रियता के साथ काम करेंगे और अपराध पर रोक लगेगी। सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गशत करें और नशे पर लगाम लगाएं।-सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी।