आंबेडकर जयंती पर प्रशासन अलर्ट, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। बाबा साहब आंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन 13 और 14 अप्रैल को पूरी तरह से अलर्ट रहेगा। इसके लिए जिला प्रशासन अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की है। डीसी और एसपी ने कहा कि बाबा साहब की जयंती धूमधाम से मनाने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। यदि जयंती की आड़ में कोई शरारती तत्व कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी डॉ. आदित्य दहिया और पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने वीरवार को आंबेडकर जयंती के संबंध में लघु सचिवालय के सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
इसमें डीसी ने कहा कि बाबा साहब की जयंती मनाने में कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। आंबेडकर जयंती की आड़ में कोई भी शरारती तत्व हरकत कर सकता है। इनकी पहचान जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति जाति विशेष के खिलाफ भड़काऊ भाषण दे, तोड़फोड़ करे, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम से कहा कि उन्हें कहीं भी किसी शरारती तत्व की जानकारी मिले, उस क्षेत्र के लोगों को समझाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इन दिनों में किसी भी महापुरुष की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ न हो। संभावित क्षेत्र में पुलिस बल तैनात करें। एक जगह पर ज्यादा लोगों को इकट्ठा न होने दें। हर क्षेत्र की अपने स्तर पर वीडियोग्राफी करवाएं। पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने आदेश दिए कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को भंग नहीं होने दें। कोई व्यक्ति कानून हाथ में ले तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एसडीएम रखेंगे अपने-अपने क्षेत्र में ध्यान : डीसी
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने बैठक में आदेश दिए कि असंध, घरौंडा, इंद्री और करनाल के उपमंडलाधीश अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था का ध्यान रखेंगे। जिस भी क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली जाए, उसकी जानकारी पहले से प्राप्त कर लें। शोभायात्रा के साथ व्यापक पुलिस बल लगाया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान यदि किसी व्यक्ति पर संदेह होता है तो पुलिस इसकी जानकारी शोभायात्रा के संचालकों से लें।