जगमग योजना के खिलाफ भाकियू ने भरी हुंकार
अमर उजाला ब्यूरो
निसिंग।
घरों से बाहर मीटर निकाल कर गांवों को 24 घंटे बिजली देने की जगमग योजना के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने हुंकार भरी है। प्रदेश सरकार को सीधे चेतावनी देते हुए भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री किसानों को गिरफ्तार करना चाहें तो तारीख निर्धारित करें। खुद किसान जेल के बाहर पहुंच जाएंगे, सरकार की जेल कम पड़ जाएंगी, लेकिन किसानों की संख्या कम नहीं होगी। अब किसान चुुप बैठने वाला नहीं है और आरपार की लड़ाई के लिए तैयार है। निसिंग में आयोजित महापंचायत में किसानों ने सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम दिया। आगामी रणनीति बनाने के लिए रविवार को महापंचायत कतलेहड़ी के बंग्ला साहिब में आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में असंध हलके से विधायक बख्शीश सिंह को बुलाया जाएगा और उन्हें ज्ञापन दिया जाएगा।
अनाज मंडी में आयोजित महापंचायत में हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने चेताया कि अगर जगमग योजना को वापस नहीं लिया तो वे आंदोलन तेज करेंगे। महापंचायत की अध्यक्षता निसिंग के किसान नेता स. मांगा सिंह लागर ने की। किसानों का नेतृत्व भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने की। इस दौरान किसान नेता रतनमान ने कहा कि जगमग योजना किसानों पर भारी पड़ रही है। ओंगद गांव के किसान ने अपने घर के दो महीने का बिल 68 हजार आने पर चिंता जताई और बिल पंचायत में पेश किया। कई किसान ऐसे थे, जिनका 3 से 4 हजार रुपये महीने का बिल आ रहा था।
किसानों ने कहा कि यदि सरकार ने यह योजना वापस नहीं ली तो किसान सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचंद शाहपुर, संगठन सचिव श्याम सिंह मान, जिला संरक्षण मैहताब सिंह कादियान, जिलाध्यक्ष यशपाल राणा ओंगद, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान, किसान नेता कुलदीप सिंह बब्बर, निसिंग खंड प्रधान सुरेश हथलाना, खंड महामंत्री सुरेश शर्मा, उत्तर हरियाणा प्रभारी बलवान बदरहान, देशराज शाहपुर, राजपाल मान, रामफल नरवाल, बलवान मंजूरा, रामपाल राणा, भीम सिंह कादियान आदि मौजूद थे।