जुंडला। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा जिला स्तर पर अव्वल आने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। गीता जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने श्रेष्ठ प्रस्तुति देते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। भाषण प्रतियोगिता में छात्रा आँचल ने जिलेभर में पहला स्थान जीत कर 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। दोहा उच्चारण प्रतियोगिता में कबीर के दोहों की बेहतरीन प्रस्तुति देकर छात्रा शिवानी ने भी 5 हजार रुपये का ईनाम जीता। इसी प्रतियोगिता में छात्रा सोनिया ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए 3 हजार रुपये का पुरस्कार पाया। ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलने पर इन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। इसी प्रतियोगिता में बेहतर प्रतिभागिता के लिए छात्रा राधा, तनुजा व अंजली को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्या सत्यपाल शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में कुल 20 हजार के ईनाम थे, जिसमें से तेरह हजार के पुरस्कार जुंडला कन्या विद्यालय की छात्राओं ने प्राप्त करते हुए प्रतियोगिता में परचम लहराया।