माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर की प्रमुख और व्यस्ततम मेरठ रोड पर लगने वाले जाम से अब निजात मिलेगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को ग्रीन बेल्ट की करीब 30 मीटर चौड़ी और 500 मीटर लंबी जमीन से करीब 200 ढाबे, रेहड़ियां, झोपड़ियां और खोखे हटाईं।
एचएसवीपी की टीम ने सुबह 11 से शाम 5 बजे तक देवी लाल चौक से लेकर सेक्टर-5 और सेक्टर-6 चौक तक अतिक्रमण और अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में दोबारा हरियाली विकसित की जाएगी। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान एसडीओ सुभाष भांखड़, जेई रजनीश, सुमित, श्याम लाल, भीम सिंह मौजूद रहे।
जाम से राहत की उम्मीद
मेरठ रोड पर ग्रीन बेल्ट में हुए अतिक्रमण के कारण सड़क का हिस्सा संकरा हो गया था। इससे देवी लाल चौक से सेक्टर-6 चौक तक अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। स्कूल बसों, एंबुलेंस और कार्यालय समय में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अधिकारियों का दावा है कि अब रास्ता पूरी तरह खुलने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
पहले भी हट चुका है अतिक्रमण
एचएसवीपी अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी तीन बार इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, लेकिन कुछ लोगों ने दोबारा कब्जा जमा लिया था। इस बार कार्रवाई से पहले मुनादी करवाई गई थी और नोटिस जारी किए गए थे, ताकि लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें। चेतावनी के बावजूद कब्जा न हटाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
वर्जन-
दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए एचएसवीपी प्रशासन क्षेत्र की नियमित निगरानी करेगा। आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा। -अदिति, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी