जितेंद्र नरवाल
करनाल। शहर की नई सरकार बनने से पहले नगर निगम ने कर्ण नगरी की खूबसूरती बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय विकास की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शहर में एक एकड़ से बड़े आकार के 20 पार्कों और 16 चौक चौराहों का अब 9.07 करोड़ से जीर्णोद्धार होगा। साथ ही सुंदरीकरण के काम करवाए जाएंगे। इसके लिए निगम ने अनुमानित लागत पर प्रशासकीय, वित्तीय अनुमति के बाद प्लान तैयार कर लिया है।
ये काम दिव्य नगर योजना के अंतर्गत होगा। इस योजना में शहरों के अंदर वाटिका, ऑक्सी-वन, पार्क, हरित स्थान, सांस्कृतिक केंद्र, खेल सुविधाएं और अन्य बुनियादी ढांचे विकसित किए जाने का प्रावधान होता है। इसमें राष्ट्रीय, ऐतिहासिक व्यक्तियों के नाम पर गेटों का निर्माण कराना भी योजना का घटक है।
परियोजनाओं का निर्माण, मूल्यांकन और अनुमोदन संबंधित शहरी स्थानीय निकाय, समय-समय पर राज्य सरकार की ओर से दी गई शक्तियों के अनुसार करेगा। इसके तहत बनने वाले प्रोजेक्ट में 50 प्रतिशत एवं इससे ज्यादा बजट भी राज्य सरकार की ओर से वहन किया जाता है।
योजना में खूबसूरत पेड़-पौधे, रोशनी के लिए लाइटें, नवीनीकरण, सिविल कार्य, सेल्फी प्वाइंट और पेंटिंग के काम भी किए जाएंगे। इससे पहले निगम ने इसी योजना के तहत शहर में करीब साढ़े आठ किलोमीटर में फैली छह मुख्य सड़कों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब सात करोड़ खर्च करने की तैयारी कर ली है।
सुंदरीकरण के लिए शहर के कर्ण पार्क, स्वामी विवेकानंद पार्क, अपना पार्क प्रेम नगर, रेलवे स्टेशन पार्क, कल्पना चावला पार्क, नाहर सिंह संधू पार्क, श्यामलसेन पार्क, सेक्टर 13 के पार्क नंबर-1, 2, 10 और 11, सेक्टर-14 के सुदर्शन कालड़ा पार्क, सेक्टर-6 मार्केट के सामने वाला पार्क, शिव मंदिर सेक्टर-6 के सामने वाला पार्क, सेक्टर-7 नजदीक ट्रैफिक पार्क, सेक्टर-7 के ही छत्रपति शिवाजी पार्क, स्वामी विवेकानंद पार्क, हाऊस नंबर 199 के पास वाला स्थित पार्क, सेक्टर-9 का पार्क नंबर 12 और कर्ण ताल पार्क योजना में शामिल किए गए हैं।