पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनावों को शांतिपूर्वक करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव की सफलता के लिए सुरक्षा व्यवस्था के चाकचौबंद प्रबंध किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर प्रशासन द्वारा नजर रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजर और पुलिस पार्टियां तैनात की गई है। रविवार को करनाल और नीलोखेड़ी क्षेत्रों के उम्मीदवार चुने जाने हैं। शनिवार को मास्टर ट्रेनरों द्वारा सभी को बेल्ट बॉक्स व ईवीएम से मतदान करवाने की अंतिम रिहर्सल करवाई गई तथा पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित की गई। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डा. जे. गणेशन ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी। करनाल और नीलोखेड़ी में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 23 हजार 642 है। इनमें से करनाल खंड में 1 लाख 09 हजार 569, जबकि नीलोखेड़ी खंड में 1 लाख 14 हजार 073 मतदाता हैं। उन्होंने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिये कि स्थानीय ग्रामवासियों व उम्मीदवारों से किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत सुविधा नहीं लेंगे। मतदान के दिन यदि कोई परेशानी या ईवीएम इत्यादि में कोई तकनीकी खराबी होती है तो तुरंत उसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट या सुपरवाइजर को देना होगा।
बॉक्स
फोटो पहचान के अतिरिक्त 15 अन्य पहचान पत्र होंगे मान्य
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के लिए आयोग द्वारा फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 15 अन्य पहचान पत्र भी मान्य किए गए हैं। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, सेवा पहचान कार्ड, फोटो युक्त बैंक पास बुक, फोटो युक्त स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र, फोटो युक्त अनुसूचित जाति/जन जाति, अन्य पिछ़ड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, फोटो युक्त विकलांग प्रमाण पत्र, फोटो युक्त हथियार लाइसेंस, फोटो युक्त मनरेगा जॉब कार्ड, फोटो युक्त संपति दस्तावेज, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, फोटो युक्त स्वास्थ्य बीमा योजना स्मार्ट कार्ड, फोटो युक्त राशन कार्ड, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट शामिल हैं।