अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। प्रदेश के 12 जिलों के 336 स्काउट विद्यार्थी तीन दिन शिमला कुफरी में हो रही बर्फबारी में मस्ती करेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा शिमला में तारा देवी हिल में विंटर एडवेंचर कम हाइकिंग ट्रेकिंग कैंप फॉर स्काउट रोवर कैंप लगाया जा रहा है। यह कैंप 16 फरवरी से 19 फरवरी तक रहेगा।
इस कैंप में कक्षा 9वीं से 12वीं के वे विद्यार्थी हिस्सा लेंगे, जो स्काउट में शामिल है। कैंप को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है। इस तरह के एडवेंचर कैंपों का मुख्य उद्देश्य है कि युवाओं में जोखिम लेने, सहयोग करने, टीम के साथ काम करने, निर्माण करने की भावना पैदा करना, चुनौती की स्थिति में कौशल नेतृत्व करने की भावना को बढ़ाना है।
एक जिले से जाएंगे 30 विद्यार्थी
इस विंटर एडवेंचर कैंप में फिलहाल 12 जिले करनाल, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर, पलवल, झज्जर, गुरूग्राम, फतेहबाद, फरीदाबाद, भिवानी, जींद और चरखी दादरी के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। एक जिले से 30 विद्यार्थी कैंप में शामिल होंगे। इसके बाद दूसरे जिलों के विद्यार्थी इस कैंप में हिस्सा लेंगे।
शिमला से पहले 376 एकड़ के जंगल में रहेंगे विद्यार्थी
डीओसी स्काउट सिया राम ने बताया कि शिमला से दस किलोमीटर पहले तारा देवी हिल है, जहां 376 एकड में जंगल है। इस जंगल में ही स्काउट विद्यार्थी तीन दिन रहेंगे। इसी दौरान विद्यार्थी शिमला पड़ रही बर्फबारी में भी मस्ती करेंगे। साथ ही अन्य एक्टिविटी भी कराई जाएंगी। सिया राम ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा निरंतर इस तरह के कैंप लगाए जाते हैं।
शिक्षा विभाग के निर्देश पर विंटर एडवेंचर कैंप शिमला में जिले के 30 स्काउट विद्यार्थी डीओसी स्काउट सिया राम के निर्देशन में जाएंगे। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं और विद्यार्थियों का भी चयन किया जा रहा है।-ईश्वर सिंह मान, जिला शिक्षा अधिकारी, करनाल।