अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा पंचायत एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल ने कहा कि प्रदेश में 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रदेश स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, इसके लिए पंचायत विभाग के अधिकारी व स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के डीपीएम की विशेष जिम्मेदारी रहेगी। वे शुक्रवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी अतिरिक्त डीसी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी व डीपीएम की बैठक को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। इस बैठक में स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, पंचायत विभाग के निदेशक विजय सिद्धप्पाजी उपस्थित थे। उन्होंने सीधे संवाद में अधिकारियों को कहा कि इस विशेष स्वच्छता अभियान में सभी सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, सभी क्लबों, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिला मंडल, भारत विकास परिषद सहित सभी शेष बची संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करना है। 2 अक्तूबर को इस विशेष अभियान को युद्ध स्तर पर जारी रखना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा के तहत प्रदेश की सभी पंचायतों में भी 2 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, इसमें सभी ग्रामीणों को शामिल किया जाना है ताकि लोगों को इस बात की जागरूकता मिले कि सफाई करना सभी का कर्तव्य है और इस नेक कार्य को बढ़चढ़ कर करें। 2 अक्तूबर को कम से कम प्रत्येक जिले में 10 हजार लोग सफाई अभियान से जुड़े। यह अभियान किसी एक जगह इकट्ठा होकर नहीं बल्कि अपने-अपने क्षेत्र सभी संस्थाएं व संगठन सफाई अभियान चलाएं।
..........................
9 महाग्रामों में चलाया जा रहा है विशेष सफाई अभियान
एडीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिले में 2 अक्तूबर को विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है इतना ही नहीं जिले के 9 महाग्रामों में 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। करनाल जिले में बल्ला, सालवन, काछवा, कुंजपुरा, मुनक, बरसत, कोहंड, निगदू और गोंदर महाग्राम हैं, इन गांवों की जनसंख्या 10 हजार के लगभग है। इन बड़े गांवों में भी स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान चलाया जा रहा है और आम जनता को इस अभियान में जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के स्वच्छता प्रेमी तेजिन्द्र बिड़लान सहित स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े समाजसेवी उपस्थित थे।