अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला करनाल की टीमों ने आज पूरे जिले में लगभग सभी कार्यालयों में कर्मचारियों से जन संपर्क करने के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि 31 मई 2018 हाईकोट के निर्णय पर रोक लगवाने, सभी परियोजनाओं एवं विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने, सामान काम सामान वेतन लागू करवाने आदि मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 28 जून को सुबह 10 बजे सेक्टर 12 के फव्वारा पार्क में एकत्रित होकर प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय करनाल पर हजारों की संख्या में सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। टीम में जिला सचिव कृष्ण शर्मा, कोषाध्यक्ष सतपाल सैनी, ओमप्रकाश माटा, रोशनलाल, जयपाल, राजेंद्र राणा, जगमाल, बाघ सिंह, राजेश कौशिक, मुकेश जांगड़ा आदि शामिल रहे। जिला प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारियां की गई हैं। वहीं दूसरी ओर आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन की फतेहाबाद यूनिट ने प्रधान प्रदीप यादव की अध्यक्षता में 24वें दिन डीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया। सरकार ने घोषणा पत्र में किए वादों को पूरा नहीं किया, जिससे कर्मचारियों में रोष है। धरने का संचालन यूनिट सचिव रामनिवास शर्मा ने किया। प्रांतीय कोषाध्यक्ष अजय वशिष्ठ व राज्य कमेटी सदस्य राजपाल ने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय अपने घोषणापत्र में मुख्य रूप से वादा किया था कि सरकार आने पर एक कलम से कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर देंगे। जो अभी तक नहीं किए गए। इस अवसर पर प्रेम वर्मा, पवन, अमित शर्मा, ओमप्रकाश, लाल सिंह, विष्णु, कर्मचारियों को संबोधित किया।