सतीश कौशिक के बाद अब मैं बनाऊंगा हरियाणा बेस्ड फिल्म : करन राजदान
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पास होने के बाद प्रसिद्ध टीवी सीरियल रजनी से अपने कॅरियर की शुरुआत करने वाले बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता, निर्देशक, लेखक और अभिनेता करन राजदान ने कहा कि अब वे अपनी अगली फिल्म हरियाणा बेस्ड बनाएंगे। मुझे पता कि फिलहाल सतीश कौशिक हरियाणवी फिल्म बना रहे हैं। इससे हरियाणा की फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। आज हर तरफ हरियाणवी की धूम है। नाटकों से लेकर फिल्मों तक में हरियाणवी बोली छाई हुई है।
वह शनिवार को सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स के निमंत्रण पर करनाल आए थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजदान ने अपनी फिल्मी जिंदगी के साथ ही अपनी आध्यात्मिक जिंदगी के सफर पर भी खुलकर चर्चा की। अपने फिल्मी जीवन के संबंध मेें बात करते हुए करन राजदान ने बताया कि उपभोक्ता अधिकारों पर लिखे रजनी सीरियल की अपार सफलता के बाद उन्होंने दुश्मनी फिल्म लिखी। इसमें सन्नी देयोल मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद शाहरुख खान, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ के साथ उनकी फ्ल्मि त्रिमूर्ति बेहद सफल रही। अजय देवगन के साथ एक के बाद एक चार हिट फिल्में दिलवाले, दीवाने, कयामत, दिलजले देकर उन्होंने बॉलीवुड में खास स्थान बना लिया। प्रवासी भारतीयों की जिंदगी पर बनी उनकी फिल्म उम्र को काफी सराहा गया। करन राजदान ने हिट फिल्मे देने के बावजूद छोटे पर्दे से नाता नहीं तोड़ा। उन्होंने जासूसी सीरियल तहकीकात बनाया, जो बेहद सफल रहा।
पुस्तक पर भी की चर्चा
निफा ने करन राजदान की अपने जीवन की आध्यात्मिक खोज पर लिखी पुस्तक ‘द सीक्रेट लॉ आफ ब्लेसिंगस’ पर एक चर्चा भी रखी गई। इसमें पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजबीर देसवाल ने मुख्य वक्ता और कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में पुस्तक पर विचार रखे। जिला एवं सेशन जज ललित बत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। इतिहासकार प्रोफेसर कपिल कुमार विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित बत्रा ने इस प्रकार की पुस्तक को समाज से नकारात्मकता समाप्त करने वाला और खुशी देने वाला बताया। निफा अध्यक्ष प्रितपाल सिंह पन्नु ने कहा कि करन राजदान जैसी बड़ी फिल्मी हस्ती का करनाल आना बेहद सुखद है ओर निफ़ा उम्मीद करती है की वे अपने आगामी प्राजेक्ट्स में करनाल और करनाल के कलाकारों को भी आगे आने का मौका देंगे। इस अवसर पर निफा के संरक्षक और आजीवन सदस्य उपस्थित रहे। इनमें कुलजिंदर मोहन बाठ, डॉक्टर लाजपत राय चौधरी, जेआर कालरा, रूप नारायण चांदना, परमिंदर पाल सिंह, जितेंद्र नरवाल, जस्विंदर सिंह बेदी, मनजीत सिंह, एस एम कुमार, संजय बत्रा, डॉक्टर प्रीतपाल सिंह शामिल रहे।