अपराध से थर्राई सीएम सिटी, कहीं पर लूट तो कहीं पर चेन स्नेचिंग
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, न लुटेरे काबू और न ही चोर
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
सात दिन पहले सेक्टर-7 में आईजी कार्यालय के पीछे कोठी नंबर 2184 में आठ माह की बच्ची को गन पॉइंट पर लेकर दिन-दहाड़े लूट की वारदात के बाद से बदमाशों का दुस्साहस और बढ़ गया है। शहर में चोरी, स्नेचिंग की घटनाएं भी रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाश बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। अभी पुलिस सेक्टर-7 में हुई लूट के आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई थी कि सोमवार शाम को लुटेरे हरियाणा रोजवेड की बस को घोघड़ीपुर गांव के समीप रुकवाकर गन पॉइंट पर बस चालक व परिचालक से करीब 45 हजार रुपये लूट ले गए। वहीं, घरौंडा क्षेत्र से बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक सवार दो भाइयों के साथ मारपीट कर गन पॉइंट पर 50 हजार रुपये लूट लिए। ऐसे ही शहर में भी बदमाश एक घर से सोने, चांदी के गहने, एक दुकान से दो लाख 24 हजार रुपये चोरी कर ले गए। वंही बस स्टैंड से महिला के गले से सोने की चेन, बाजार में महिला के पर्स से दस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। लूट, चोरी की बढ़ रही घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। महिलाओं के साथ-साथ अब पुरुष भी घरों से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। पुलिस लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है।
बाक्स
बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे दो भाइयों से 50 हजार रुपये लूटे
घरौंडा। गांव फुरलक रोड पर बेटी की शादी का सामान देकर बाइक से गांव लौट रहे दो सगे भाइयों से बाइक सवार बदमाशों ने दिन-दिहाड़े उनकी बाइक को टक्कर मार कर पिस्तौल तान दी और पचास हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट भी की। लूटपाट की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीआईए टीम व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वीटी करा मामले की जांच शुरू कर दी। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
पिचौलिया निवासी रामपाल ने बताया कि 18 फरवरी को उसके भाई सतपाल की लड़की की शादी है। वे दोनों शादी का सामान खरीदकर बेटी की होने वाली ससुराल देकर शाम पांच बजे बाइक पर गांव आ रहे थे। फुरलक गांव के समीप रजवाहे के पास सामने से बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। बदमाशों ने उन पर पिस्तौल तान दी और रुपये निकालने को कहा। जब वे विरोध करने लगे तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पचास हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। रामपाल ने बताया कि उनके पास दस हजार रुपए और थे। जो बच गए। उन्होंने आस-पास के लोगों को इसके बारे में बताया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पइस बारे में सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह का कहना है कि फुरलक रोड पर दो भाइयों से 50 हजार रुपये की लूट की सूचना मिली है। शिकायतकर्ता से मोटरसाइकिल का एक नंबर मिला है। जिसकी पड़ताल की जाएगी।