इंटर कॉलेज फैंसिंग प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज फैंसिंग चैंपियनशिप में सराहनीय प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में दो और तीन जनवरी को किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के होनहार खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण पदक, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्राचार्य डॉ. प्रवीण भारद्वाज ने इस उपलब्धि के लिए खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह, प्रो. उपेंद्र और विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। डॉ. प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि फेंसिंग की एपी श्रेणी में महाविद्यालय के विद्यार्थियों अरुण, अजय, विशाल और अमित की टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। इसी श्रेणी की व्यक्तिगत स्पर्धा में अरुण कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। फेंसिंग की फॉयल टीम में शामिल सचिन पाल, अजय कुमार, अरुण कुमार और अजीत कुमार ने रजत पदक हासिल किया। फॉयल की व्यक्तिगत स्पर्धा में सचिन पाल ने स्वर्ण पदक और अजय कुमार ने कांस्य पदक जीता। फेंसिंग की सैबर श्रेणी में विशाल, सचिन पॉल, अजीत कुमार और साहिल कुमार की टीम ने भी कांस्य पदक हासिल किया। डॉ. प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों अरुण कुमार, अजय कुमार और सचिन पॉल का चयन जीएनडीयू में आयोजित की जाने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। विजेता खिलाड़ियों को महाविद्यालय प्रांगण में सम्मानित किया गया।