अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। पं. चिरंजीलाल शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के होनहार खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के खेल विभाग की ओर से आयोजित इंटर कॉलेज वुशू प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 पदक हासिल किए हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 21-22 फरवरी को केयूके खेल परिसर में किया गया। प्राचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि बीटीएम प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अरविंद गड़तान ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, बीसीए तृतीय वर्ष के छात्र सन्नी वर्मा ने 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रजत पदक और बीएससी इलेक्ट्रोनिक्स प्रथम वर्ष के छात्र शुभम वर्मा ने 52 किलोग्राम से कम भार वर्ग में तृतीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। डॉ. रेखा शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को महाविद्यालय प्रांगण में सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रोफेसर यशपाल, प्रोफेसर विनोद चहल और डॉ. राजपाल मौजूद रहे।