अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर के लाइन पार में क्षेत्र में सुबह आठ बजे से देर रात तक लाइट गुल रही। जिस कारण आधा दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में अंधेरा छाया रहा। कॉलोनी वासी अंधेरे में बैठे रहे। हालांकि देर शाम को लाइन पार के कुछ क्षेत्र में लाइट आ गई थी, लेकिन शिव कॉलोनी में रात साढ़े नौ बजे तक अंधेरा छाया रहा। जिन घरों में इनवर्टर लगे हुए थे वे भी ठंप हो गए। मोमबत्ती के सहारे घर में महिलाओं को काम करना पड़ा।
बता दें रामनगर स्थित 33 केवीए पॉवर हाउस के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। जिस कारण पावर हाउस में हड़कंप मंच गया और आनन फानन में दमकल विभाग की गाड़ी बुलाई, जिसने आग पर काबू पाया। लेकिन इसके बाद आधा दर्जन से ज्यादा कॉलोनी वासियों को परेशानी झेलनी पड़ी। इतना ही नहीं इन कॉलोनियों के साथ कैथल रोड स्थित जिला जेल के क्षेत्र में भी लाइट नहीं थी। शिव कॉलोनी, प्रेेम नगर, रामनगर, मान कॉलोनी सहित जिला जेल में भी लाइट नहीं रही।
घर में नहीं रहा पानी, लोगों को पड़ा तरसना
शिव कॉलोनी निवासी राजू, रमेश, करण आदि ने बताया कि शुक्रवार सुबह लाइट चली गई थी। पूरा दिन एक बार भी लाइट नहीं आई। वे बिजली का इंतजार करते रहे। बिजल न आने से पानी की सप्लाई भी बंद रही। जो पानी टंकियों में था वह भी दोपहर तक खत्म हो गया। जिस कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घरों में तो पीने के पानी के लिए भी लोगों को तरसना पड़ा।
इनवर्टर हुए ठप, मोमबत्ती का लिया सहारा
सुबह से देर रात को लाइट न आने के कारण जिन घरों व दुकानों में इनवर्टर लगे हुए थे वह भी ठप हो गए। जिस कारण वहां भी रात को अंधेरा छा गया। लोगों को दुकानों से मोमबत्ती खरीदकर घर में उजाला करना पड़ा। लाइट न होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों व बच्चों को हुई।
बिजली निगम के एक्सईएन धर्म सुहाग ने बताया कि रामनगर 33 केवीए पॉवर हाउस में एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। जिस कारण लाइन पार क्षेत्र में लाइट गुल हो गई। जो शाम को कुछ क्षेत्र में लाइट आ गई थी।