जिले में बनने वाले 10 खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य को तेज करने के लिए डीसी ने दिए सख्त निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो करनाल। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से जिले में दस खेल स्टेडियम बनवाए जाएंगे। नई खेल पॉलिसी के तहत बनने वाले स्टेडियमों पर अनुमानित 711 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। ये जानकारी डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द इन खेल स्टेडियमों का निर्माण कार्य पूरा करवाएं।
इन जगहों पर बनेंगे खेल स्टेडियम
उन्होंने बताया कि सीएम मनोहर लाल की घोषणा के अनुसार निसिंग खंड के गांव बड़ौता में खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है। इस पर करीब 110 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। घरौडा खंड के गांव मूनक में करीब 75 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम की चार दीवारी व सीढ़ियों का निर्माण करवाया जाएगा। नीलोखेड़ी खंड के गांव पडवाला में करीब 30 लाख रुपये व गांव जाम्बा में करीब 123 लाख रुपये की लागत से मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि इंद्री खंड के गांव इन्द्रगढ़ में करीब 123 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी प्रकार निसिंग खंड के गांव बस्तली में करीब 107 लाख रुपये की लागत से, करनाल खंड के गांव काछवा में करीब 122 लाख रुपये की लागत से, घरौडा शहर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की खाली पड़ी जमीन में मिनी खेल स्टेडियम में एथलेटिक्स ट्रेक, बास्केट बॉल, वॉलीबाल व हैंडबाल कोर्ट, दो कबड्डी, एक खो-खो का मैदान को तैयार किया जाएगा। इस पर करीब 18 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वहीं, असंध खंड के गांव जलमाना में करीब 32 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।